दुकानदार से गाली-गलौज और रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार, खुद को पत्रकार बताकर देता था धमकी
फूलपुर (आजमगढ़), 28 जुलाई 2026। थाना फूलपुर क्षेत्र में दुकानदार से गाली-गलौज, धमकी और रंगदारी मांगने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को पत्रकार बताकर दुकानदार पर दबाव बनाता था और हर महीने पैसे देने की मांग कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक चकनूरी निवासी प्रमोद मोदनवाल ने 26 जुलाई को थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपनी अंडे की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान ऊदपुर निवासी संतोष पुत्र रामआसरे दुकान पर आया और अंडा लेने के बाद जब उससे पैसे मांगे गए तो वह नाराज हो गया।
आरोप है कि संतोष ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए दुकानदार को गालियां दीं और धमकी दी कि यदि बिना पैसे अंडा नहीं दिया गया तथा हर महीने रुपये नहीं दिए गए तो वह दुकान नहीं चलने देगा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस शिकायत पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 237/2026 धारा 308(5)/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मंगलवार देर रात ऊदपुर-दुल्हाघर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी रात 11:05 बजे की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष पुत्र रामआसरे (45 वर्ष), निवासी ऊदपुर, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज, धमकी, रंगदारी और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, कांस्टेबल आदेश यादव और कांस्टेबल शुभम सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








