best news portal development company in india

आजमगढ़। सिर पर घातक वार कर सतीश अग्रहरी की हत्या, आरोपी राजेश विश्वकर्मा गिरफ्तार

SHARE:

दुबरा बाजार में शराब के नशे में दिया था घटना को अंजाम, उपचार के दौरान जौनपुर मेडिकल कॉलेज में हुई थी मौत

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा बाजार में सिर पर घातक वस्तु से वार कर सतीश अग्रहरी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली पुत्र दुक्खू निवासी ग्राम गौरा थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे दुबरा बाजार में अभियुक्त राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली ने शराब के नशे में सतीश अग्रहरी के सिर पर किसी घातक वस्तु से वार कर दिया था। हमले में सतीश के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जौनपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इस मामले में मृतक के भाई दीपू अग्रहरी की तहरीर पर 31 अक्टूबर 2026 को थाना बरदह में मु0अ0सं0 340/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 2 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक रितेश खरवार ने पुलिस टीम के साथ अभियुक्त राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली को पारा मोड़ से सुबह करीब 9:25 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में उसके विरुद्ध थाना बरदह में हत्या से संबंधित धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, हेड कांस्टेबल मुकेश विश्वकर्मा और रिक्रूट कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई