best news portal development company in india

आजमगढ़ में सीएम योगी का दौरा: डेयरी केंद्र का शुभारंभ, जनसभा में विपक्ष पर साधा निशाना!

SHARE:

श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के डेयरी केंद्र का शुभारंभ किया…..

आजमगढ़। योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनपद आजमगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने कंधरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मीरिया रेहड़ा में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के डेयरी केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

जनसभा सम्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विभिन्न मुद्राएं
जनसभा सम्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विभिन्न मुद्राएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब आजमगढ़ के नाम पर लोगों को होटल और धर्मशालाओं में ठहरने तक नहीं दिया जाता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार” ने प्रदेश की छवि बदलने के साथ लोगों को सम्मान दिलाने का काम किया है।

जनसभा के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों के एजेंडे में विकास नहीं था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने अब तक 9 लाख लोगों को नौकरी दी है, जबकि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है।

राम मंदिर मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर अयोध्या का निर्माण भाजपा सरकार के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे इस कार्य में बाधा डालते रहे।

सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने आजमगढ़ के विकास की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच दूरी काफी कम हुई है।

डेयरी परियोजना पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र 56 हजार महिलाओं की मेहनत का परिणाम है और आत्मनिर्भरता का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।

इस डेयरी केंद्र से प्रतिदिन लगभग एक लाख लीटर दूध दिल्ली भेजा जाएगा, जो मदर डेयरी को आपूर्ति किया जाएगा। संस्था के प्रबंधक अजय कुमार सिंह के अनुसार, दूध संग्रह के लिए 8 टैंकर और 35 पिकअप वाहनों की व्यवस्था की गई है। इस योजना से 165 गांव जुड़े हैं और हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन पर मंडलायुक्त, आईजी, डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, राम विलास चौहान, राम सूरत राजभर, विक्रांत सिंह रिशु, सहजानंद राय, विनोद राजभर जिलाध्यक्ष, नीलम सोनकर, संगीता आजाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कप्तानगंज के बड़सरा खालसा गांव भी जाएंगे, जहां वह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक के पिता स्व. राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment