best news portal development company in india

लालगंज विधानसभा में आयोजित रोजगार मेले में 583 बेरोजगार अभ्यर्थियों का हुआ चयन

SHARE:

28 नामी कंपनियों ने लिया प्रतिभाग, लगभग 2100 युवाओं ने कराया पंजीकरण,युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय में लगा एकदिवसीय रोजगार मेला

आजमगढ़, 31 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में विधानसभावार रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को लालगंज विधानसभा क्षेत्र के श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय में एकदिवसीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया।

रोजगार मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर रोजगार के लिए चयन किया गया।

रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, हेल्थ सेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं मार्केटिंग सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों की 28 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अभिरुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

सहायक निदेशक सेवायोजन राम मूर्ति ने बताया कि मेले में प्रातःकाल से ही युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। रोजगार प्राप्त करने के प्रति युवाओं में विशेष उत्साह रहा। इस दौरान लगभग 2100 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 583 अभ्यर्थियों का रोजगार हेतु चयन किया गया। इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऋषिकांत राय, अध्यक्ष, सहकारी चीनी मिल संघ उपस्थित रहे। उन्होंने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल एवं योग्यता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन राम मूर्ति, जिला रोजगार सहायता अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेश कुमार, श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर ऋषिकेश सिंह, प्राध्यापक डॉ. अतुल कुमार यादव सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय महाविद्यालय के समस्त संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

रोजगार मेले का आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने, निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं स्थानीय युवाओं के बीच समन्वय स्थापित करने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई