म.सु.दे.वि.वि.आज़मगढ़ और एलनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर के बीच शैक्षणिक समझौता!

SHARE:

वि.वि.की बेहतरी हेतु सभी के सुझाव व सहयोग सतत आमंत्रित…प्रो. संजीव कुमार

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ के नाम एक उपलब्धि और जुड़ी जब विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश अग्रहरि ने सुहेलदेव विश्वविद्यालय एवं एलनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर के मध्य एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक समझौते (MoU) की कॉपी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार को सौंपी।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के कुशल नेतृत्व में संस्था नित नई इबारत लिख रही है। उन्होंने अवगत कराया कि विश्व विद्यालय के प्रतिनिधि के रूप में श्री सूर्य प्रकाश अग्रहरि को इस शैक्षणिक समझौते का दायित्व सौपा गया, जिसका उन्होंने कुशल निर्वहन करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धि में एक कड़ी और जोड़ने मे सफलता अर्जित की । इस समझौते का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के मध्य अनुसंधान, शिक्षण, प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग को सशक्त बनाना है।दोनों संस्थानों के इस समझौते पर हस्ताक्षर करने से वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान एवं अन्य शैक्षणिक विषयों में सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थान एक-दूसरे के शोध व शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी साझा करेंगे, साथ ही शिक्षण सामग्री व साहित्य का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।समझौते की शर्तों के अनुसार, दोनों संस्थान पारस्परिक रुचि के विषयों पर अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे तथा एक-दूसरे के शिक्षकों एवं छात्रों को आमंत्रित करेंगे। इसके अलावा, वे संयुक्त रूप से शोध एवं प्रशिक्षण परियोजनाओं हेतु प्रस्ताव तैयार कर वित्त पोषण एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। सीमित अवधि के लिए संकाय व छात्र विनिमय कार्यक्रम भी इस समझौते का हिस्सा है।

विश्वविद्यालय, के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के ऊर्जावान प्राध्यापको, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस सहयोग को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक गतिविधि हेतु पृथक कार्यान्वयन समझौता किया जाएगा, जिसमें वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रावधान भी शामिल रहेंगे। यह साझेदारी अकादमिक सहयोग और पारस्परिक विकास की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। यह साझेदारी न केवल छात्रों और शिक्षकों के लिए नए अवसर सृजित करेगी, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक उदाहरण भी प्रस्तुत करेगी।

यह शैक्षणिक समझौता महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश अग्रहरि और एलनहाउस इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर प्रो. मनोज कुमार मिश्रा, एडिशनल डायरेक्टर प्रो. अतुल चतुर्वेदी, डीन रिसर्च प्रोफेसर वरुण शुक्ल एवं डीन एकेडमिक्स प्रो देव सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अग्रहरि ने इसे कुलपति जी के कुशल नेतृत्व का परिणाम बताया। बधाई देने वालों में बरदह पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय राय शिवली पी.जी. कॉलेज के प्रो.इमरान अजीज,डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. सर्वेश सिंह डॉ. नितेश के साथ-साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद उप कुलसचिव एवं सहायक कुलसचिव तथा कुलपति के निजी सहायक विपिन शर्मा उपस्थित थे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई