दिनदहाड़े युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम!

SHARE:

आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर व बुलडोजर कार्रवाई की मांग….

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना कसया थाना क्षेत्र की है, जहां आरोप है कि फैजल और नौशाद नामक युवकों ने निशांत उर्फ शक्तिमान सिंह पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान निशांत के साथ मौजूद उसके दोस्त पर भी हमला किया गया, जो किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल निशांत को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे निशांत का शव उसके गांव जुडवानिया पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आक्रोशित परिजनों ने हत्या के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि जब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। निशांत की मां ने भावुक होते हुए कहा कि “जिस तरह मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या की गई है, उसी तरह आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। अगर प्रशासन यह नहीं कर सकता तो हमें ही गोली मार दे।”


गुरुवार को परिजनों ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नैका छपरा चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। विरोध प्रदर्शन के चलते आसपास के बाजार भी बंद रहे। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था।
अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर बुधवार रात ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फैजल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की समझाइश के बीच इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई