दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से युवक की हत्या, इलाके में दहशत, जमीनी विवाद की आशंका!

SHARE:

जमीनी विवाद में पहले ही हो चुकी थी बड़े बेटे की हत्या आरोपियों ने अब पिता को भी उतारा मौत के घाट…

जमुई से मो० आसिफ अनवर की रिपोर्ट –

जमुई। जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं, जब जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर अगहरा और बरुअट्टा गांव के बीच दिनदहाड़े बाइक सवार एक व्यक्ति की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। मृतक की पहचान लछुआड़ थाना क्षेत्र के गौहर नगर निवासी अशोक यादव उर्फ आशो यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अशोक यादव जमुई कचहरी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अगहरा और बरुअट्टा गांव के बीच पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे अशोक यादव को आधा दर्जन से अधिक गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अशोक यादव की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद जमुई के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को मौके से कई खाली कारतूस और एक पिस्टल का खाली मैगजीन बरामद हुआ है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

मामले को लेकर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि मृतक के पुत्र से पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद में कुछ वर्ष पूर्व अशोक यादव के पुत्र की भी हत्या हो चुकी है, जिसका मामला जमुई कोर्ट में विचाराधीन है। आशंका है कि उसी पुराने विवाद और मुकदमे को लेकर यह हत्या की गई है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अशोक यादव को पहले से अपनी जान का खतरा था। जानकारी के अनुसार उन्होंने बीते 5 जनवरी को थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई