मिशन शक्ति व साइबर क्राइम जागरूकता को लेकर सुकुलपुरा में संयुक्त चौपाल, महिलाओं-बालिकाओं को दी गई सुरक्षा की जानकारी!

SHARE:

मिशन शक्ति व साइबर क्राइम सहित महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई….

आजमगढ़। थाना तरवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुकुलपुरा में मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता के तहत बुधवार को एक संयुक्त चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वकील सिंह की अहम भूमिका रही। चौपाल के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार की महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों तथा महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वकील सिंह ने महिलाओं, बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को महिला अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में उप निरीक्षक दिनेश पाल, महिला मुख्य आरक्षी सुनीता देवी, महिला आरक्षी पूजा सिंह तथा आरक्षी विजय बहादुर सिंह द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए पंपलेट का वितरण भी किया गया। वहीं साइबर क्राइम जागरूकता सत्र में उप निरीक्षक अतुल मिश्रा ने साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर जानकारी दी। उन्होंने लोगों को बताया कि अज्ञात कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, OTP किसी को न बताएं, फर्जी लिंक पर क्लिक न करें, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें और डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्क रहें। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत शिकायत दर्ज कराना जरूरी है। इसके लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। चौपाल में छात्र-छात्राओं की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और लोगों ने कार्यक्रम को सकारात्मक व सराहनीय बताया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई