होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 11 नमूने भरे, 371 किलो रंगीन कचरी जब्त

SHARE:

जीयनपुर से एक खोया व एक पनीर, बनकट से एक घी व एक खोया तथा बेलईसा से एक पनीर का नमूना लिया…

आजमगढ़, 20 फरवरी। होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 11 खाद्य नमूने भरे गए तथा 371 किलोग्राम रंगीन कचरी जब्त की गई। साथ ही 25 किलोग्राम संदूषित पनीर मौके पर नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आजमगढ़ श्री सुशील कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन दल द्वारा की गई। अभियान के तहत खोया, पनीर, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, वनस्पति, कचरी, पापड़, चिप्स, नमकीन, मिठाइयां, बेसन व मैदा आदि की जांच की गई।

छापेमारी के दौरान सरदहा स्थित प्रतिष्ठान से एक सरसों के तेल का नमूना लिया गया। जीयनपुर से एक खोया व एक पनीर, बनकट से एक घी व एक खोया तथा बेलईसा से एक पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। बेलईसा में ही 25 किलोग्राम (मूल्य 7,500 रुपये) संदूषित पनीर को नष्ट कराया गया।

इसी क्रम में खाद्य सचल दल ने इटौरा मोड़ से दो खोया व एक छेना रसगुल्ला का नमूना तथा चक्रपानपुर से दो रंगीन कचरी के नमूने भरे। यहां 371 किलोग्राम रंगीन कचरी (मूल्य 22,260 रुपये) जब्त की गई। दो खाद्य कारोबारियों को सुधार हेतु नोटिस भी जारी की गई है। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II श्री सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय ‘बेस्ट बिफोर’ व एक्सपायरी तिथि अवश्य जांच लें तथा चमकीली और अत्यधिक रंगीन मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रजनीश कुमार, श्री गोविन्द यादव, श्री संजय कुमार तिवारी, श्री सुचित प्रसाद, श्री लालमणि यादव, श्री शीत कुमार सिंह, श्री अमर नाथ, श्रीमती बेबी सोनम एवं श्री राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई