best news portal development company in india

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 45 लाख की लागत से बनी खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण!

SHARE:

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया गया लोकार्पण……

आजमगढ़, 23 फरवरी। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, आजमगढ़ में 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया गया। लोकार्पण के उपरांत मंत्री ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि खगोल विज्ञान प्रयोगशाला के शुरू होने से बच्चों को नवाचार के क्षेत्र में नई सीख और अवसर मिलेंगे। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे नए-नए प्रयोग सीखकर अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। इस पहल के लिए मंत्री ने जिलाधिकारी की प्रशंसा भी की।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और यह तभी संभव है जब देश के भविष्य यानी विद्यार्थियों को सक्षम बनाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 18 अटल आवासीय विद्यालयों से दो-दो बच्चों को इसरो भेजा गया है, जिससे अन्य छात्र भी प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने, समय का सदुपयोग करने तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेल, खान-पान और विश्राम के लिए भी समय निर्धारित करने की सलाह दी।

जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने कहा कि विज्ञान केवल किताबों का विषय नहीं, बल्कि जिज्ञासा और प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति है। उन्होंने कहा कि यह प्रयोगशाला विद्यार्थियों के लिए प्रयोग, नवाचार और नई खोज का मंच बनेगी। उन्होंने छात्रों को उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने और पूरे मनोयोग से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि नवोदय विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण उत्कृष्ट है और यहां के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करते रहे हैं। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा विकसित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मनरेगा योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विद्यालय परिसर में नाली निर्माण कार्य तथा पूर्वी मध्य भाग में बाउंड्री वाल निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं गणेश वंदना से हुई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, अधिशासी अभियंता आरईडी, प्रधानाचार्य श्री शशिकांत राय सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई