क्षेत्राधिकारी ने दिया आगंतुकों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने निर्देश…..
आजमगढ़, 27 मार्च 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने शुक्रवार को थाना दीदारगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न शाखाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।

इस दौरान थाना अभिलेख, आगंतुक पंजी, बीट पुस्तिका, अपराध रजिस्टर और जीडी की जांच करते हुए सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगंतुकों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने थाना परिसर की साफ-सफाई और अनुशासन व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों को वर्दी में सुसज्जित रहने और समयबद्ध ड्यूटी पालन के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।









