best news portal development company in india

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर ड्रग तस्करी में फंसाने वाला गिरोह बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

दोनों आरोपी मऊ जनपद के थाना घोसी क्षेत्र के निवासी हैं….

आजमगढ़, 12 अप्रैल 2026। जनपद के थाना रानी की सराय पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे धोखाधड़ी करता था और उन्हें मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फंसा देता था। पुलिस ने इस मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 14 मार्च 2026 को हुई, जब बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर सियरहा निवासी सुनील यादव ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर धोखा दिया और मादक पदार्थ तस्करी के जाल में फंसा दिया। इस आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान संदीप विश्वकर्मा, डॉ. फहीम खां, आदिल और नसीम आलम उर्फ भोनू के नाम सामने आए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी की गई।

रविवार सुबह करीब 6:20 बजे पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बेलइसा में मौजूद हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर डॉ. फहीम खां और आदिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मऊ जनपद के थाना घोसी क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे संदीप विश्वकर्मा के निर्देश पर नसीम आलम उर्फ भोनू को सामग्री उपलब्ध कराते थे। इसके बाद शम्भू यादव उर्फ श्याम यादव के माध्यम से यह सामग्री विदेश जाने वाले लोगों को दी जाती थी, जिससे उन्हें अनजाने में मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फंसा दिया जाता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई