आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: चाकू मारकर हत्या करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद…
मेंहनगर (आजमगढ़), 14 अप्रैल 2026। मामूली विवाद में युवक की हत्या के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना मेंहनगर क्षेत्र के ग्राम कटांत चक कटांत निवासी लौटन राम ने 12 अप्रैल को तहरीर देकर बताया था कि 11 अप्रैल की रात करीब 10 बजे गांव का ही मोहन (35 वर्ष), जो शराब के नशे में था, घर के पीछे गाली-गलौज कर रहा था। इस पर उनके पुत्र विजेंद्र कुमार गौतम (36 वर्ष) ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बात पर मोहन ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
इस घटना के आधार पर थाना मेंहनगर में मुकदमा संख्या 118/26 धारा 103(1)/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अप्रैल की रात करीब 10:45 बजे प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार व उनकी टीम ने आरोपी मोहन को हुसैनिया चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू उसके घर से बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी भी की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार, उपनिरीक्षक आदिल खां, उपनिरीक्षक तुषार त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









