जिलाधिकारी ने कहा बच्चों को किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा भी दी जाए…..
आजमगढ़, 24 अप्रैल 2026। जनपद में व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विकास खंड पल्हनी के अंतर्गत विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौआश्रय स्थल तमौली, गेहूं क्रय केंद्र (बहु उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड) हुसेनगंज तथा प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौआश्रय स्थल तमौली के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। पानी, भूसा, हरा चारा और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इस पर उन्होंने कर्मचारियों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को इसी स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद गेहूं क्रय केंद्र हुसेनगंज के निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। भंडारण व्यवस्था अव्यवस्थित मिली, कई बोरे फटे हुए पाए गए और क्रय प्रक्रिया भी धीमी रही। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और गेहूं खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रय रजिस्टर की जांच कर किसानों आनंद कुमार और राकेश कुमार के अभिलेखों का मिलान भी किया।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज में जिलाधिकारी अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों से सवाल-जवाब किए और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। कक्षा 4 के विद्यार्थियों ने 7 गुणा 7 का सही उत्तर 49 देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण कर शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने मिड डे मील की गुणवत्ता के बारे में भी बच्चों से पूछा, जिस पर बच्चों ने बताया कि उन्हें खिचड़ी दी गई है। कक्षा 1 और 2 के बच्चों से किताबें पढ़वाकर उनका स्तर जांचा गया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा भी दी जाए, ताकि उनका समग्र विकास हो सके।
अंत में जिलाधिकारी ने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।









