घटना में व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे…..
आजमगढ़, 30 अप्रैल 2026। जनपद के थाना जीयनपुर क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक नामजद अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा की दिशा बदलने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी थी। इसी क्रम में 29/30 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बासूपार-घड़सरा मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में नीरज निषाद (18) निवासी इंदिरा नगर, अजमतगढ़ के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके दो साथी आशीष निषाद और सोनू निषाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ शादी समारोह में हुए विवाद के दौरान मारपीट और चाकूबाजी में शामिल था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मुख्य मुकदमे के अलावा मुठभेड़ के संबंध में भी आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









