आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेलनाडीह क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती अचानक हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गई। खंभे पर युवती को चढ़ा देख आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (PRV) और सिधारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही PRV टीम और सिधारी थाना पुलिस तेजी से मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल इलाके को सुरक्षित कराया और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाइश, बातचीत और धैर्य के साथ की गई कोशिशों के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
घटना के दौरान लोगों की सांसें थमी रहीं, क्योंकि खंभा हाईटेंशन लाइन का था और जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। पुलिस की सूझबूझ और संयमित कार्रवाई से आखिरकार युवती की जान बचा ली गई। नीचे उतारने के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। बाद में हालत सामान्य होने पर युवती को उसके परिजनों के सौंप दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती पहले भी मानसिक तनाव में कदम उठा चुकी है। बीते 3 अप्रैल को उसने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट और वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने अधिक मात्रा में दवाइयां लेने की बात कही थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा की ओर से अलर्ट मिलने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई थी और परिजनों के सहयोग से युवती को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय व्यवहार की पूरे इलाके में सराहना की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों का सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या संबंधित सहायता सेवाओं को सूचना दें।








