बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट , सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
जमुई, बिहार से मो ० आसिफ अनवर की रिपोर्ट –

जमुई : ईद-उल-जोहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड में आ गया है। आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा जगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन और पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च स्थानीय श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, , महराजगंज ,महीसौढी चौक , थाना चौक , बोधवन तलाब, नीमारंग होते हुए गुजरा। इस मार्च के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार के दौरान अमन-चैन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
कल मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर जिले भर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख और संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में हिदायत दी है कि सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक, हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। समाज में अराजकता फैलाने, किसी भी प्रकार का दबाव बनाने या अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से निपटेगा और उनके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि बकरीद का यह पावन पर्व आपसी भाईचारे और त्याग का प्रतीक है, इसलिए सभी नागरिक इस त्योहार को पूरी शिद्दत और खुशियों के साथ अपने परिवार के बीच बिना किसी भय के मनाएं। प्रशासन आम जनता की सुरक्षा और उनके त्योहार की खुशियों को अक्षुण्ण रखने के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है। लोगों से भयमुक्त होकर पर्व मनाने की अपील करते हुए प्रशासन ने यह भी अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।








