बिहटा रेलवे स्टेशन पर 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
पटना, बिहार: बिहटा रेलवे स्टेशन पर रेल जीआरपी ने जांच अभियान के दौरान एक युवक को 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिघोड़ी थाना क्षेत्र के सोहरा गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बिहटा डाउन प्लेटफॉर्म पर नियमित जांच के दौरान पुलिस को एक नीले रंग के सूटकेस से 9 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद सूटकेस के साथ मौजूद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
बिहटा रेल जीआरपी थाना प्रभारी रीना कुमारी ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रेल पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में शराब की तस्करी तथा अवैध परिवहन को रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई उसी अभियान के तहत की गई है।








