पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
मऊ/अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 21 वर्षीय गोलू यादव ट्रक पर खलासी का काम करता था। बुधवार सुबह करीब 4 बजे वह चालक संजय यादव के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 301 के पास खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकालने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल गोलू को इलाज के लिए शहर के लक्ष्मीरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया और उन्हें मरीज से मिलने भी नहीं दिया गया। उनका कहना है कि घंटों बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए पैर काटने की जरूरत बताई, लेकिन कुछ देर बाद खून की कमी का हवाला देते हुए युवक की मौत की सूचना दे दी गई।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक को अत्यंत गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। उसके पैर की हड्डियां और मांसपेशियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त थीं तथा अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति नाजुक थी। अस्पताल के अनुसार चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार कर रही थी और मरीज को आईसीयू में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया था। उपचार के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बचाया नहीं जा सका।
अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि उपचार से जुड़े सभी मेडिकल रिकॉर्ड और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस आवश्यक जांच में जुटी हुई है।








