हाथी घोड़ा ढ़ोल नगाड़ा के साथ 521 महिलाओं एवं कन्याओं ने निकाला भव्य कलश यात्रा……
फूलपुर, आजमगढ़। पवित्र पुरुषोत्तम मास के अवसर पर मुंडियार स्थित श्री बाबा मुंडेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कलश यात्रा का शुभारंभ फूलपुर के गढ़वा स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर से हुआ। यात्रा में 521 महिलाओं एवं कन्याओं ने पीले वस्त्र धारण कर अपने सिर पर कलश रखे और कुंवर नदी से गंगाजल मिश्रित पवित्र जल भरकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। बाजे-गाजे, डीजे, जयघोष तथा आकर्षक झांकियों के साथ निकली यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों—पुरानी मिर्चा मंडी, मां भवानी तिराहा, शंकर जी तिराहा, सिनेमा रोड, रोडवेज, न्यू ऑक्सफोर्ड स्कूल, डॉ. लोहिया बालिका विद्यालय मार्ग और ईदगाह रोड से होते हुए मुंडेश्वर नाथ मंदिर पहुंची।

मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मंडप की परिक्रमा की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलशों की स्थापना की गई। आयोजन अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी के महंत Rajoo Das के सानिध्य में हो रहा है। महंत राजू दास पूरे मार्ग में नंगे पांव कलश यात्रा के साथ रहे। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की एकता से ही देश, संविधान और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकती है।
यज्ञकर्ता एवं संयोजक अनिल महाराज तथा आयोजन समिति के प्रमुख भीमसेन यादव ने बताया कि श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन राष्ट्र रक्षा, विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना से किया जा रहा है। कथा के दौरान कथावाचक गंगोत्री जी महाराज श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे। प्रतिदिन प्रातःकाल पूजन एवं हवन तथा सायंकाल कथा का आयोजन होगा।
आयोजन को सफल बनाने में योगेश विश्वकर्मा, डॉ. सोहन लाल, डॉ. लाल बहादुर, बृजेश विश्वकर्मा, रविंद्र, त्रिलोकी, प्रेमचंद, सुरेश मौर्य, कुंदन मोदनवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं का योगदान रहा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, महिला इंस्पेक्टर रानी साहू तथा पुलिस बल पूरे कार्यक्रम के दौरान तैनात रहा।

धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।









