कानून का खौफ कायम: थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मेहनाजपुर पुलिस का एक्शन, 48 घंटे में रंगदारी कांड का खुलासा
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मेहनाजपुर पुलिस ने बस स्टाफ से रंगदारी वसूली और नकदी छीनने की घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 500 रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 जून को वाराणसी से आजमगढ़ आ रही एक निजी बस को मेहनाजपुर बाजार स्थित एक दुकान के पास रोककर कुछ लोगों ने बस चालक और स्टाफ से जबरन रुपये की मांग की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर असलहा दिखाकर डराया-धमकाया और नकदी छीन ली। साथ ही वाहन संचालन के बदले प्रतिदिन रुपये देने की धमकी भी दी गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेचू सिंह निवासी भुजहुआं, थाना खानपुर (गाजीपुर) तथा संजय सिंह निवासी लालमऊ, थाना मेहनाजपुर (आजमगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। नियमित चेकिंग, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन जैसी कार्रवाइयों से अपराधियों में पुलिस का खौफ दिखाई दे रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत मेहनाजपुर पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।








