आजमगढ़: पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंकने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी
आजमगढ़। बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी के युवा एवं फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट चौराहे पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंकने के प्रयास में पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक तथा धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार सपा कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस के रूप में निकले और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिसके चलते कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस के साथ हल्की धक्का-मुक्की हुई।
घटना के बाद नाराज कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा नेताओं का आरोप था कि वे शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि पुलिस ने अनावश्यक हस्तक्षेप किया। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोड़ी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा बातचीत और आवश्यक आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया तथा स्थिति सामान्य हो गई।
प्रदर्शन में सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश यादव, शबनम खातून, गुलाब राजभर, संतोष गौतम, आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे!








