आजमगढ़ के दीदारगंज में राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, भादो गांव निवासी 45 वर्षीय अखिलेश कुमार मंगलवार रात गांव में आई एक बारात में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि वह बच्चों को बुलाने के लिए घर गए, लेकिन इसके बाद रहस्यमय ढंग से लापता हो गए।
परिजनों ने देर रात उनकी तलाश शुरू की। रात करीब डेढ़ बजे गांव से लगभग 200 मीटर दूर सिवान में अखिलेश अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों का आरोप है कि उनके शरीर पर चोटों के कई निशान थे और वह खून से लथपथ थे।
पुलिस उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सरोज ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।








