मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ को दी 955 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का शुक्रवार को Maharaja Suheldev University परिसर में आगमन हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उनका शिष्टाचार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित ‘गो-धन संकल्प’ पहल की मुख्यमंत्री ने विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही है। आजमगढ़ के निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार कर महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जिले के प्रसिद्ध ओडीओपी उत्पादों ब्लैक पॉटरी एवं मुबारकपुर की रेशमी साड़ियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित 955 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।








