best news portal development company in india

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी का दौरा: लाभार्थियों को सौंपे आवास, आयुष्मान कार्ड और करोड़ों रुपये की सहायता

SHARE:

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी का दौरा: लाभार्थियों को सौंपे आवास, आयुष्मान कार्ड और करोड़ों रुपये की सहायता

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता और प्रमाणपत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधा लगाकर की गई। इसके बाद उन्होंने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित किया।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, आवास, स्वरोजगार और महिला समूहों से जुड़े लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। इस दौरान सुनीता देवी को आयुष्मान भारत योजना का कार्ड दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत अदिति सिंह को 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंजू द्विवेदी को 123 स्वयं सहायता समूहों के लिए करीब 2.11 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। इसके अलावा रीना राजभर और सीमा को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 516 समूहों के लिए लगभग 7.74 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

आवास और स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

कार्यक्रम में ज्ञांती देवी को मुख्यमंत्रीआवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए।

युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रद्युम्न सिंह को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 4.50 लाख रुपये तथा संदीप राजभर को 4.25 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनाना है।

कृषि क्षेत्र से जुड़े लाभार्थी घनश्याम को कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों की खरीद के लिए सहायता प्रदान की गई।

विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण, जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र, बैंकिंग संस्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, श्रम विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद किया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘गो-धन संकल्प’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने जैसी गतिविधियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने आजमगढ़ के पारंपरिक उत्पादों ब्लैक पॉटरी और रेशमी साड़ी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

विकास और जनकल्याण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में संचालित योजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई