सोशल मीडिया पर गैंग कल्चर दिखाना पड़ा भारी, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में एक युवक पर चालान, दो नाबालिगों की काउंसलिंग
आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत कोतवाली पुलिस ने ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई की है, जिनके जरिए कथित तौर पर युवाओं के समूह बनाकर दबंग छवि प्रस्तुत की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे अकाउंट सक्रिय पाए गए, जिन पर समूह में घूमने-फिरने, प्रभावशाली और भय पैदा करने वाली छवि प्रस्तुत करने संबंधी सामग्री साझा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन इंस्टाग्राम आईडी को चिन्हित कर उनके संचालकों की पहचान की।
जांच में एक अकाउंट का संचालन 20 वर्षीय युवक द्वारा किए जाने की जानकारी मिली, जबकि अन्य दो अकाउंट नाबालिग किशोरों से जुड़े पाए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को उनके अभिभावकों और बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाने बुलाया।
थाने में उन्हें सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, साइबर सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सार्वजनिक जीवन पर ऐसे पोस्टों के प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बाल कल्याण अधिकारी द्वारा दोनों किशोरों की काउंसलिंग की गई और उन्हें भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई। बाद में उन्हें उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें तथा उन्हें सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
वहीं एक वयस्क युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया का उपयोग भय, दबाव या अवांछित प्रभाव पैदा करने के लिए नहीं किया जा सकता और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग कल्चर, दबंगई या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत भविष्य में भी ऐसे अकाउंट्स की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और कानून का सम्मान करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।








