आजमगढ़ मण्डल: लापरवाही पर सख्त हुए मण्डलायुक्त, अधूरे कार्य, अवैध शराब और जलभराव पर दिए कड़े निर्देश
आजमगढ़। मण्डलायुक्त विवेक ने शनिवार को मण्डल के तीनों जनपदों की विकास परियोजनाओं, राजस्व कार्यों, कर वसूली और नगरीय निकायों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, अवैध शराब के कारोबार और जलभराव जैसी समस्याओं पर जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके कार्यों को जल्द पूरा कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए। जिन परियोजनाओं की समयसीमा बढ़ाई गई है, उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
समीक्षा के दौरान बलिया में डिबार ठेकेदार से कार्य कराए जाने का मामला सामने आने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधीक्षण अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने के निर्देश दिए। वहीं, विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा कार्यों में देरी पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया। उन्होंने धीमी गति से काम करने वाले ठेकेदारों को चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
राजस्व एवं आबकारी विभाग की समीक्षा में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही विभिन्न विभागों के प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए।
नगरीय निकायों की समीक्षा में बरसात के दौरान जलभराव रोकने, नालों की समय से सफाई कराने, डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और मलिन बस्तियों में स्वच्छ पेयजल व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ई-टेंडर प्रक्रिया का पालन करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, अपर आयुक्त प्रशासन प्रमोद पाण्डेय सहित मण्डल के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








