आजमगढ़: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक पर पुलिस की कार्रवाई, ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत केस दर्ज
आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत थाना निजामाबाद पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि निजामाबाद क्षेत्र के क्यामुद्दीनपट्टी उर्फ परसहा निवासी लगभग 22 वर्षीय विशाल कुमार द्वारा इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट साझा की जा रही थीं। प्रारंभिक जांच में पोस्ट से सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
जांच पूरी होने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं 170, 126 और 135 के तहत मामला दर्ज कर चालान किया गया।
पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा कर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और संयम के साथ उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








