आजमगढ़: नाबालिग तस्करी मामले में रौनापार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पांचवां आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले जाकर बेचने के चर्चित मामले में रौनापार पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर वर्ष 2024 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं और पॉक्सो एक्ट के प्रावधान भी जोड़े गए। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि नाबालिग को राजस्थान ले जाकर बेच दिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र निवासी धर्मचन्द सैनी उर्फ धर्मराज सैनी को गिरफ्तार किया। आरोपी को रौनापार क्षेत्र के सरदार पटेल इंटर कॉलेज मोड़ के पास से हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों और मानव तस्करी के मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








