आजमगढ़: ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई, सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर रील बनाने वाले दो युवक गिरफ्तार
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर हथियारनुमा वस्तु के साथ रील बनाकर गैंगस्टर जैसी छवि पेश करने वाले दो युवकों को कंधरापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कर उन्हें सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और कानून का पालन करने की सीख दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत पुलिस सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि और गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले मामलों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हथियारनुमा वस्तु के साथ वीडियो बनाकर वायरल कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन रहा था। जांच के दौरान बदरे आलम (19 वर्ष) और उबैद अहमद (22 वर्ष), निवासी ग्राम बिसौली, थाना कंधरापुर की पहचान हुई। दोनों कथित तौर पर प्लास्टिक के तमंचे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद थाना परिसर में अभिभावकों की मौजूदगी में दोनों की काउंसलिंग की गई। उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखने और उन्हें सकारात्मक एवं जिम्मेदार व्यवहार के लिए प्रेरित करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियार, गैंग संस्कृति या आपराधिक छवि को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।








