आजमगढ़: ASP ग्रामीण ने किया अहरौला थाने का औचक निरीक्षण, पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, नई चौकी का भूमिपूजन
आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने शुक्रवार को अहरौला थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम भुजवल (बसही) में स्थापित पुलिस सहायता केंद्र (पुलिस बूथ) का उद्घाटन किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस पुलिस सहायता केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अलावा गहजी में प्रस्तावित नई पुलिस चौकी का भूमिपूजन भी कराया गया। नई चौकी बनने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने थाना अहरौला के प्रभारी निरीक्षक सहित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभावी पुलिसिंग, जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर थाना अहरौला के प्रभारी निरीक्षक सहित थाने के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








