एमएसडीयू में प्रवेश परीक्षा का कुलपति ने किया औचक निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा पर दिया जोर
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अकादमिक ब्लॉक-01 एवं 02 में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।
कुलपति ने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित अभ्यर्थियों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और शांत मन से परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रवेश समिति एवं परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी इंतजाम निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए हैं।
प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. सियाराम शुक्ला ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।








