आजमगढ़: एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की जनसुनवाई, फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल तथा क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह भी उपस्थित रहे।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा पीड़ित पक्ष को प्रभावी और समय पर न्याय उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनपद पुलिस ने कहा कि आमजन की शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण तथा पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई लगातार आयोजित की जाती रहेगी।








