बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत, 6 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया।
सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र के ललमनियां गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे छह महीने का मासूम बेटा और पत्नी को छोड़ गया है।
घटना नदी थाना क्षेत्र के ललमनियां गांव वार्ड संख्या 13 की है। मृतक की पहचान शिव नारायण मंडल के 23 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार मंडल के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार मंडल सुबह नींद से उठने के बाद शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान बिजली के पोल से टूटकर जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पंचायत के मुखिया अनिल आनंद ने बताया कि बिजली के पोल से गिरे तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। मृतक की पत्नी काजल कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, छह महीने के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।थानाध्यक्ष सुमित भारती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया हैं!








