वाराणसी–आजमगढ़ वाया लालगंज रेल लाइन की मांग तेज, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिले संघर्ष समिति संयोजक
लालगंज, आजमगढ़। वाराणसी से आजमगढ़ वाया लालगंज नई रेलवे लाइन के निर्माण की मांग को लेकर रेल निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेलवे लाइन के निर्माण की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपते हुए परियोजना को शीघ्र मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया।
राजेश शुक्ला ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि वाराणसी–आजमगढ़ वाया लालगंज रेलवे लाइन वर्ष 2016 में स्वीकृत हो चुकी है और इसका दो बार सर्वे भी कराया जा चुका है, जिस पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व में इस परियोजना को पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन सर्वे और धन खर्च होने के बावजूद रेलवे लाइन का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनकी मांग को गंभीरता से सुना और रेल मंत्री को कार्रवाई के लिए पत्र लिखने का आश्वासन दिया। मंत्री ने विश्वास दिलाया कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
राजेश शुक्ला ने बताया कि वह संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली में मौजूद हैं। उनका उद्देश्य रेल मंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर वाराणसी–लालगंज–आजमगढ़ रेलवे लाइन के निर्माण की मांग उठाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत सरकार इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को जल्द पूरा करेगी।







