फूलपुर में पीस कमेटी की बैठक: सावन और शिया समुदाय के 40वें को लेकर प्रशासन सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई!
फूलपुर कोतवाली परिसर में 29 जुलाई को आयोजित पीस कमेटी की बैठक में आगामी सावन माह तथा शिया समुदाय के 40वें को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक की अध्यक्षता कोतवाल देवेंद्र सिंह ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए कोतवाल ने सभी नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने और अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम का प्रयोग न करने के निर्देश दिए। साथ ही ताजिया एवं आलम की ऊंचाई पूर्व वर्षों के निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की बात कही।

कोतवाल देवेंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, उद्दंडता करने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील की।
बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों, ताजियादारों, डीजे संचालकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर प्रमुख रूप से अब्दुल रहीम उर्फ जोखू, शाहिद रज़ा, आशीष मद्धेशिया, सुरेश गुप्ता, नवाब आलम, गिरि बाबा (महर्षि दुर्वासा धाम), बबलू मोदनवाल, कायम रज़ा, असलम सिद्दीकी, मुशर्रफ हुसैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे।








