सुपौल: बैंक से निकासी के बाद गायब युवक हाथ-पैर बंधा बेहोशी की हालत में मिला, हालत गंभीर
सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने और बाद में हाथ-पैर बंधे हुए बेहोशी की हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार गढ़िया निवासी 18 वर्षीय सर्वानन्द कुमार बुधवार दोपहर बैंक से करीब 55 हजार रुपये निकालकर पिपरा बाजार स्थित एक एजेंसी में बाइक ठीक कराने पहुंचा था। बाइक एजेंसी में देने के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन देर शाम तक बाइक लेने वापस नहीं पहुंचा और न ही घर लौटा।
युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार को अमहा पंचायत के भट्टावारी गांव स्थित एक बांसबाड़ी में स्थानीय लोगों ने युवक को हाथ-पैर बंधे और बेहोशी की हालत में देखा। इसकी सूचना परिजनों और डायल-112 पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी पिपरा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि युवक के पास मौजूद करीब 55 हजार रुपये भी गायब हैं। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अल्ताफ राजा | सुपौल








