आजमगढ़ में 455 पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा के लिए सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण
आजमगढ़। श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए आजमगढ़ पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रद्धालुओं के साथ बेहतर संवाद, सम्मानजनक व्यवहार और तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयम बनाए रखने की क्षमता विकसित करना रहा।

डीआईजी आजमगढ़ देवरंजन वर्मा के निर्देशन में आयोजित अर्द्धदिवसीय प्रशिक्षण में आजमगढ़, मऊ और बलिया के कुल 455 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान सांस्कृतिक संवेदनशीलता, सेवाभाव, सामाजिक व्यवहार, विश्वास कायम करने, टीमवर्क और समस्या समाधान जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
पुलिसकर्मियों को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक संवाद के प्रभावी तरीकों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए शालीन भाषा, सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज और सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।
प्रशिक्षण में तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य और संयम बनाए रखने तथा सुरक्षा के साथ सेवा भावना को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में डीआईजी सुनील कुमार सिंह, एसपी डॉ. अनिल कुमार, एएसपी ग्रामीण चिराग जैन, एएसपी यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, सीओ सदर आस्था जायसवाल और सीओ नगर शुभम तोदी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश लगातार दिए जाएंगे।








