सुपौल रिपोर्ट:-अल्ताफ राजा
सुपौल में जर्जर सड़कों को लेकर युवा कांग्रेस ने उठाई आवाज, डीएम को सौंपा दो सूत्री मांग पत्र

सुपौल जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बरेल पंचायत में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ने आवाज उठाई है। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने पंचायत के वार्ड नंबर 3 और 4 का दौरा कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और समस्या के समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी, सुपौल को दो सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि बरेल पंचायत के वार्ड नंबर 3 में मेन सड़क से रोशन सिंह के घर तक करीब 500 मीटर लंबी सड़क, जिसका सर्वे नंबर 547 है, बारिश होते ही पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।उन्होंने मांग की कि इस सड़क का जल्द से जल्द नाला सहित पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए।वहीं, वार्ड नंबर 4 में भूषण जी चौक से मेन सड़क तक नाला सहित पक्की सड़क निर्माण की मांग भी की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दौरान इस सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि दोनों सड़कों की समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों की समस्या को लेकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
इस दौरान जयप्रकाश सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सीताराम यादव, रमेश यादव, दिनेश मंडल और सुधीर सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।








