कोतवाली परिसर में अग्निशमन सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल, पुलिसकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
आजमगढ़। कोतवाली परिसर में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्निशमन सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल और सुरक्षित तरीके से बचाव एवं राहत कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग के नीरज कुमार दुबे और प्रकाश शाह ने थाना परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों से उपकरणों का संचालन कराकर उनके सही और सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया
अग्निशमन टीम ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देने के साथ उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मॉकड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में बचाव कार्य और आग पर काबू पाने के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।
मॉकड्रिल के दौरान कोतवाली के अधिकारी-कर्मचारी तथा डायल 112 के कर्मचारी मौजूद रहे।








