फिल्मी दुनिया से फुर्सत निकालकर पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं शबाना आजमी, महिलाओं और युवतियों का बढ़ाया हौसला
फूलपुर, आजमगढ़। फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद शबाना आजमी शनिवार दोपहर अपने पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं। बनारस से कार द्वारा करीब 2:15 बजे गांव पहुंचने पर महिलाओं ने तिलक लगाकर और फूलों की माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संयोगिता के नेतृत्व में महिलाओं ने सावन के गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें शबाना आजमी ने उत्साहपूर्वक सुना।
गांव पहुंचते ही शबाना आजमी ने महिलाओं और युवतियों से संवाद किया और उनकी गतिविधियों तथा कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने गांव की लड़कियों को अपने पास बुलाकर उनके बारे में जाना और उनका उत्साहवर्धन किया। भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाली मेजवां की खुशी प्रजापति का महिलाओं से परिचय कराते हुए उन्होंने खुशी से उसके अनुभव साझा करने को कहा। इस दौरान उसकी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
समाजसेवा और फिल्मी व्यस्तताओं के बीच गांव से जुड़ाव बना मिसाल
शबाना आजमी का फिल्म इंडस्ट्री और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की व्यस्तता के बीच समय निकालकर अपने पैतृक गांव मेजवां आना और यहां की महिलाओं व युवतियों से सीधे संवाद करना क्षेत्र के लिए खास संदेश माना जा रहा है। खासकर ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ने, अपने हुनर को पहचानने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। ऐसी कोशिशें गांव की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण और सामाजिक विकास को भी मजबूती प्रदान करती हैं।
मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के डिप्टी मैनेजर मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि शबाना आजमी फैशन शो की तैयारियों और शूटिंग कार्यक्रम के सिलसिले में नम्रता गोयल, विकास यादव, स्नेहा चौहान समेत टीम के साथ मेजवां पहुंची हैं। वह 2 सितंबर तक मेजवां में प्रवास करेंगी।
इस दौरान उन्होंने मेजवां में संचालित ब्यूटीशियन सेंटर की युवतियों से भी मुलाकात की और उनके कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में संगीता, सुनीता, भागीरथी, रामफेर, मनोज, घनश्याम प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








