आजमगढ़: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने पोलिंग पार्टी रवानगी व मतगणना स्थलों का किया निरीक्षण!
आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चण्डेश्वर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद एफसीआई गोदाम चकवल और बेलइसा स्थित मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर वहां की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति, पहुंच मार्गों और सड़कों की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, आवश्यक सुविधाओं तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से पहले सभी आवश्यक तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और उसके आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर करने के भी निर्देश दिए गए।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महत्वपूर्ण स्थानों पर मजबूत सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और अन्य सुरक्षा इंतजाम पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि विधानसभा चुनाव-2027 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








