अखिलेश यादव की बीजेपी को चेतावनी, बोले— ‘तुम AI वीडियो बनाओगे तो हम भी बनाएंगे’
लखनऊ: इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे समाजवादी पार्टी और खुद पर बनाए जा रहे कथित एआई वीडियो को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए अगर एआई वीडियो बनाकर प्रसारित किए जाएंगे तो समाजवादी पार्टी भी जवाब देने के लिए तैयार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार इस तरह “बच्चों का खेल” न खेले। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एआई का इस्तेमाल कर वीडियो बनाए जाएंगे तो सपा भी ऐसे वीडियो बना सकती है।
बताया गया कि हाल के दिनों में अखिलेश यादव को लेकर बनाए गए कुछ एआई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी वीडियो दिखाए जाने का उल्लेख है। इन वीडियो के माध्यम से चूड़ी चोरी और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को उठाया गया है।
कल से शुरू होगा सपा का चुनाव अभियान
सपा प्रमुख ने कहा कि कल से पार्टी का चुनाव अभियान शुरू होगा। पार्टी सभी जिलाध्यक्षों सहित अन्य टीमों को मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए सक्रिय करेगी। पार्टी का बूथ स्तरीय प्रचार अभियान भी आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी के जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अन्याय के मुद्दों को उजागर करेंगे।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाता सूची को लेकर चल रही प्रक्रिया पर समाजवादी पार्टी विशेष नजर रखेगी और पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।








