रिपोर्ट मोहम्मद इम्तियाज
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां चलती ट्रेन से गिरकर 28 वर्षीय युवक की मौत, कटिहार से अंबाला जा रहा था
बगहा के मलकौली रेलवे क्षेत्र के पास चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चौहान टोला, बेलवा निवासी 28 वर्षीय प्रमोद साह के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के पास से आधार कार्ड और रेल टिकट बरामद किया, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि डायल 112 को मलकौली रेलवे क्षेत्र के पास चलती ट्रेन से युवक के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी जीआरपी को भी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, युवक के पास मिले रेल टिकट से पता चला कि वह कटिहार से अंबाला जा रहा था। टिकट 2 सितंबर की शाम 7:33 बजे जारी किया गया था। फिलहाल शव को अनुमंडलीय अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने के साथ घटना की जांच में जुटी है।








