अंबारी क्रॉसिंग के आउटर के पास हादसा, परिवार में मचा कोहराम
फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी रेलवे क्रॉसिंग के आउटर के पास मंगलवार दोपहर बाद दर्दनाक हादसा हो गया। शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय मूक-बधिर युवक प्रमोद मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक प्रमोद मौर्य पुत्र रामआसरे मौर्य, निवासी अंबारी रेलवे क्रॉसिंग, तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले तक प्रमोद घर के आसपास ही घूम रहा था। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
आशंका जताई जा रही है कि मूक-बधिर होने के कारण प्रमोद को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं हो सका और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही अंबारी चौकी प्रभारी सतेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां अमृता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों के बीच मातम पसरा हुआ है।
फूलपुर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









