फूलपुर स्वास्थ्य केंद्र में मरीज की मौत पर ऑक्सीजन न मिलने का आरोप, प्रशासन ने शुरू की जांच

आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के छंगनपुर सुगर्दीपुर चौराहे के पास निवासी 42 वर्षीय राजू पुत्र सरबजीत की फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही और मरीज को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है घटना के बाद मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक राजू की तबीयत बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल सकी, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।
मौका 8पर पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज को ऑक्सीजन की आवश्यकता थी, लेकिन समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक और चिकित्सकों की टीम ने ऑक्सीजन व्यवस्था को चालू करके दिखाया और बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध थी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि मृतक मरीज पहले से गंभीर स्थिति में था टीवी का इलाज चल रहा था और उसके फेफड़ों की स्थिति काफी खराब थी। चिकित्सकों के अनुसार मरीज का पहले से इलाज और दवा चल रही थी तथा उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
मृतक के चाचा ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की कमी और लापरवाही की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि मरीज को भर्ती करने के बाद उचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया कि यदि समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा और ऑक्सीजन उपलब्ध करा दी जाती, तो क्या मरीज की जान बचाई जा सकती थी?
आपसी सहमति के बाद शव घर ले गएऔपछ परिजन….
घटना के बाद मौके पर प्रशासनिक टीम ने मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि परिजनों और प्रशासन के बीच आपसी सहमति के बाद मृतक का पोस्टमार्टम न कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस के माध्यम से मृतक के शव को अपने घर ले गए।
फिलहाल मरीज की मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए लापरवाही के आरोपों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने फूलपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







