best news portal development company in india

खेत में नंगे बिजली के तार की चपेट में आकर किशोरी की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

मुलाकात के बहाने खेत में बुलाने का आरोप, घटना के बाद से फ़रार चल रहे थे वांछित

फूलपुर, आजमगढ़। थाना क्षेत्र के खानजहाँपुर गांव में खेत में खतरनाक तरीके से लगाए गए नंगे विद्युत तार की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रविवार सुबह खानजहाँपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, खानजहाँपुर निवासी पीड़ित किशोरी के पिता ने 12 सितंबर को फूलपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनकी पुत्री की गांव के ही सूरज पुत्र वरिष्ठ से बातचीत होती थी। इसकी जानकारी होने पर करीब एक माह पहले उन्होंने पुत्री को उसके ननिहाल सदपुर बरौली भेज दिया था।

आरोप है कि 10 सितंबर को सूरज ने किशोरी को मिलने के लिए अपने घर के पीछे स्थित खेत में बुलाया। इसी खेत में फसल बोने वाले शंकर पुत्र हरखू ने कथित तौर पर खेत की सुरक्षा के लिए नंगे बिजली के तारों की बाड़ लगाकर उसमें विद्युत प्रवाह कर रखा था। इसी तार की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 279/2026 के तहत धारा 3(5), 115(2) और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह कर रहे हैं।

एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह ने पुलिस टीम के साथ सूरज पुत्र वरिष्ठ और शंकर पुत्र हरखू को सुबह करीब 7:10 बजे खानजहाँपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई