best news portal development company in india

मकान व किराना दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी का आरोप, छह महिलाएं गिरफ्तार

SHARE:

फूलपुर पुलिस ने 75 सामान किए बरामद, महिला को कमरे में बंधक बनाने का भी आरोप

फूलपुर/आजमगढ़। थाना फूलपुर क्षेत्र में मकान और किराना दुकान में जबरन घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिलाओं ने एक महिला को कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की थी। गिरफ्तार आरोपिताओं की निशानदेही पर किराना दुकान और मकान से चोरी किए गए 75 सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को ग्राम जफरचक, थाना सरायमीर निवासी महिला ने फूलपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी पक्ष की महिलाएं एकराय होकर लाठी-डंडे, रॉड, हथौड़ा और ड्रिल मशीन आदि लेकर उसकी बहन के मकान व किराना दुकान में जबरन घुस गईं। आरोप है कि इस दौरान मारपीट और तोड़फोड़ करने के साथ दुकान व मकान का सामान भी चोरी कर लिया गया। महिला को कमरे में बंधक बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया।

तहरीर के आधार पर फूलपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की। पुलिस ने सुषमा प्रजापति और अंजनी मालिन को ब्लॉक फूलपुर के पास से गिरफ्तार किया, जबकि सुनीता, शान्ति देनी, इन्द्रावती और माधुरी मौर्या को जगदीशपुर से पकड़ा गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सभी छह महिलाओं की निशानदेही पर चोरी किए गए किराना दुकान और मकान के कुल 75 अदद सामान बरामद किए गए। मामले में पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुषमा प्रजापति के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 और 208/2026 दर्ज है। अन्य पांच आरोपिताओं के संबंध में पुलिस ने किसी अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक कमालुद्दीन, महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल शुभम सिंह, अमित कुमार यादव, राकेश कुमार सिंह तथा महिला कांस्टेबल अंशु गुप्ता, अमृता सिंह, पूनम देवी, आंचल और खुशबू यादव शामिल रहीं।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई