कॉपी के बंडल-फाइलों में तहखाना बनाकर शराब तस्करी: मोतिहारी पुलिस ने 1652 बोतल पकड़ी; 3 तस्कर धर गिरफ्तार
मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर रोज नए तरीके अपना रहे हैं। मोतिहारी पुलिस ने ऐसे ही दो नए तरीकों का खुलासा करते हुए तीन तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से 1652 बोतल अंग्रेजी शराब मिली है।

सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि जिले में शराब तस्करी का एक नया तरीका इस्तेमाल हो रहा है। इसी जानकारी के आधार पर शिवहर और सीतामढ़ी में छापेमारी की गई। पुलिस ने सीतामढ़ी के रहने वाले मास्टरमाइंड रोहित को पकड़ा।
रोहित ने पूछताछ में बताया कि मोतिहारी का आकाश नाम का एक तस्कर दिल्ली से शराब मंगाता है। वह शराब को कॉपी के बंडलों के बीच छुपाकर लाता है। पुलिस को यह भी पता चला कि आज भी उसकी खेप आने वाली है। इस सूचना पर नगर थाना क्षेत्र के अब्बास चौक के पास छापेमारी हुई। ऊपर से देखने पर यह सिर्फ कॉपी का बंडल लग रहा था। लेकिन जब इसे खोला गया, तो अंदर 286 बोतल अंग्रेजी शराब मिली।

रोहित ने बताया कि वह सीतामढ़ी जेल में बंद था। साल 2024 में उसकी मुलाकात आकाश से हुई थी। जेल से छूटने के बाद दोनों ने मिलकर इस तरह शराब तस्करी का धंधा शुरू किया।
दूसरी घटना पिपरा कोठी में हुई। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पिपरा कोठी ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच की गई। एक टेम्पू पर फाइलें लदी थीं। पुलिस ने फाइलों के अंदर बने तहखाने से 1366 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब की बड़ी खेप आने की जानकारी मिली थी। टेम्पू पर लदी फाइलों का वजन ज्यादा होने पर पुलिस को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि फाइलों के अंदर तहखाना बनाकर शराब छुपाई गई थी। पुलिस ने शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








