आजमगढ़ बिलरियागंज में 23.411 किलो गांजा बरामद, दो महिलाओं समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
बिलरियागंज, आजमगढ़। थाना बिलरियागंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गांजा दो ट्रॉली बैगों में 23 बंडलों के रूप में प्लास्टिक टेप से पैक कर रखा गया था।पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को उपनिरीक्षक हरिकेश राय हमराहियों के साथ जैगहा बाजार में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हारीपुर मोड़ की ओर से दो महिलाएं और एक व्यक्ति दो ट्रॉली बैग लेकर पैदल गुलवा गौरी पुलिया नहर की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर महिला पुलिसकर्मियों को बुलाकर मस्जिद की आड़ में घेराबंदी की गई और तीनों को पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जिला गाजीपुर और पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी को सूचना देकर उनकी मौजूदगी में ट्रॉली बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान राजाबाबू सिंह के बैग से 12 बंडल में 12.224 किलोग्राम और महिलाओं के बैग से 11 बंडल में 11.187 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामदगी 23.411 किलोग्राम रही।पुलिस ने दोनों ट्रॉली बैगों को सील कर ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी कराई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उन्हें पैसे मिलते थे। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।मामले में पुलिस ने धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








